ब्राजील में बड़ा विमान हादसा, 62 लोगों के साथ आसमान से गिरा प्लेन, सभी लोगों की मौत

0 4
Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

ब्राजील में एक बड़ा विमान हादसा देखने को मिला है। यहां साओ पाउलो के बाहरी इलाके में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 62 लोग सवार थे। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबित ब्राजील की नागरिक सुरक्षा ने इसकी पुष्टि की है। यह भी कहा जा रहा है कि विमान क्रैश होने के कारण कई घरों को नुकसान हुआ है। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने कहा है कि ऐसा लगता है कि दुर्घटना में सभी यात्रियों की मौत हो गई है। उन्होंने एक्स पर एक वीडियों में लोगों से एक मिनट का मौन रखने को कहा।

उन्होंने एक्स पर कहा, ”मैं चाहूंगा कि हर कोई खड़ा हो ताकि हम एक मिनट का मौन रख सकें क्योंकि साउ पाउलो के विन्हेडो शहर में एक विमान क्रैश हो गया है। इस विमान में 58 यात्री और 4 चालक दल के सदस्य सवार थे और ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इनमें से सभी मारे गए।’ प्लेन हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। इसमें दिख रहा है कि प्लेन हवा में किसी कागज की तरह घूमते हुए गिर रहा है। जमीन पर इसके गिरने के बाद एक गाढ़ा काला धुआं आसमान में उठता हुआ दिखता है, जो दिखाता है कि हवाई जहाज के गिरते ही आग लग गई।

रिहायशी इलाके में गिरा प्लेन

जिस जगह प्लेन गिरा है वह एक रिहायशी इलाका लग रहा है। प्लेन एक पेड़ के करीब गिरा। प्लेन के गिरते ही वहां भी आग लग गई है। द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक यह एयरलाइन वोपास लिन्हास एरियास की ओर से संचालित किया जा रहा ATR-72 प्लेन था। यह विमान पराना राज्य के कास्कावेल से साओ पाउलो के गुआरुल्होस जा रहा था। साओ पाउलो फायर ब्रिगेड ने सोशल मीडिया पर विमान हादसे की पुष्टि की। साथ ही कहा कि उसने सात दल दुर्घटना वाली जगह पर भेजे हैं।

दो मिनट में 4000 फीट नीचे आया प्लेन

फ्लाइट रडार वेबसाइट के मुताबिक विमान 17000 फुट की उंचाई पर था। दो मिनट के अंदर यह 4000 फुट नीचे गिरा और इसके बाद उसका जीपीएस सिग्नल नक्शे पर नहीं दिखाई दिया। कई वीडियो सोशल मीडिया पर आए हैं। उनमें आग की लपटें और धुआं दिखाई दे रहा है और इसके करीब में ही एक घर है। एक अन्य वीडियो में दुर्घटना वाली जगह पर शवों को देखा जा सकता है।

Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now
Ads
Ads
Leave A Reply

Your email address will not be published.