सलमान खान को बॉम्बे हाई कोर्ट से बड़ी राहत, 2019 का एक केस किया खारिज
सलमान खान को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने अभिनेता के खिलाफ 2019 के एक मामले को खारिज कर दिया और उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। अभिनेता सलमान खान के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को रद्द करने का आदेश दिया। अदालत ने अपने फैसले में यह भी कहा कि आवेदकों के खिलाफ कार्यवाही जारी रखना घोर अनुचित होगा।
बता दें कि साल 2019 में एक पत्रकार अशोक पांडे ने सलमान खान के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. पत्रकार ने आरोप लगाया था कि सलमान खान और उनके बॉडीगार्ड ने उन्हें धमकाया और मारपीट की। इसके बाद, एक मजिस्ट्रेट अदालत ने मार्च 2022 में सलमान और उनके अंगरक्षक नवाज शेख के खिलाफ समन जारी किया, जिसमें उन्हें 5 अप्रैल 2022 को पेश होने का निर्देश दिया। सम्मन को चुनौती देते हुए, खान ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद 5 अप्रैल 2022 को हाईकोर्ट ने समन पर रोक लगा दी।