उत्तर भारत के कई राज्यों में अचानक बढ़ी ठंड, दिल्ली-एनसीआर में दो दिन का अलर्ट
पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से उत्तर भारत में अचानक ठंड बढ़ गई है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, यूपी में शनिवार शाम से ही तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं, जिससे तापमान में और गिरावट आई। इसके साथ ही सुबह कोहरे के कारण यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राजधानी में दृश्यता 100 मीटर रही। आईएमडी मौसम वेबसाइट के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जबकि शनिवार यानी एक दिन पहले तापमान पांच डिग्री रहा था।
शनिवार देर रात जारी एक रिपोर्ट में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार और सोमवार (25-26 दिसंबर) को राजधानी दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर शीतलहर चलेगी. दो दिन में तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। आईएमडी ने 30 दिसंबर तक मौसम का पूर्वानुमान भी जारी किया है लेकिन दो दिन और सतर्क रहना होगा। आईएमडी वेदर के मुताबिक, 25 दिसंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह कोहरा छा सकता है। राजधानी में ज्यादातर जगहों पर शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। इसी तरह 26 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा।
आईएमडी ने कहा कि पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के ऊपर आसमान में घना कोहरा देखा गया। वहीं, बिहार के कुछ हिस्सों में कोहरा छाया रहा, जबकि उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्से कोहरे से मुक्त रहे। कश्मीर ठंडा हो रहा है और घाटी के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान (-5.4) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान -6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा ठंडे थे और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ इस मौसम के सबसे कम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। शनिवार की सुबह दोनों राज्यों के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमृतसर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, गुरदासपुर और फरीदकोट में क्रमश: 5.9, 4.8, 7.7, 4.9 और 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.